3 Jun 2026, Wed

भाकपा माले का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका

खबर शेयर करें-

गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ भाकपा माले का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका

 

 

व्यावसायिक और घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने बिंदुखत्ता काररोड चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

 

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर पर 943 रुपये तथा 5 किलो वाले सिलेंडर पर 251 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। माले नेता किशन बघरी ने आरोप लगाया कि सरकार हर आपदा को अवसर में बदलकर महंगाई बढ़ाने का काम कर रही है और इसका सीधा फायदा बड़े पूंजीपतियों को मिल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि इससे पहले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 60 रुपये की वृद्धि की गई थी, जिसका असर सीधे आम लोगों की रसोई और भोजन की थाली पर पड़ रहा है। बघरी ने यह भी कहा कि श्रम कोड लागू होने के बाद मजदूर पहले ही संकट में हैं और अब गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से उनकी परेशानियां और बढ़ेंगी।

 

कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में आनंद सिंह सिजवाली, बिमला पाल, निर्मला शाही, नैन सिंह कोरंगा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।