20 Jul 2026, Mon

हार के डर से कांग्रेस नेताओं ने चुनाव मैदान छोड़ना शुरू किया : महेंद्र भट्ट

खबर शेयर करें-

हार के डर से कांग्रेस नेताओं ने चुनाव मैदान छोड़ना शुरू किया : महेंद्र भट्ट

 

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बेटे और पूर्व विधायक संजीव आर्य द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के फैसले पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस नेताओं द्वारा हार के डर से चुनावी मैदान छोड़ने की शुरुआत है।

 

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का “एक परिवार, एक टिकट” का नारा केवल बहाना है। उनका दावा है कि कांग्रेस नेतृत्व को भी यह एहसास हो चुका है कि जनता अब कांग्रेस के राजनीतिक परिवारों को स्वीकार करने के मूड में नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि संजीव आर्य अपने राजनीतिक जीवन में केवल 2017 का विधानसभा चुनाव ही जीत सके थे और वह भी भाजपा के चुनाव चिह्न एवं उस समय की प्रचंड लहर के कारण। कांग्रेस के टिकट पर जीतना उनके लिए संभव नहीं है।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस फैसले से यशपाल आर्य ने एक साथ दो राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है—पहला, अपने बेटे को संभावित हार और राजनीतिक शर्मिंदगी से बचाना, और दूसरा, कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित उन नेताओं के सामने असहज स्थिति पैदा करना जो अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट चाहते हैं।

 

महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह, गुटबाजी और नेताओं का चुनाव लड़ने से पीछे हटना इस बात का संकेत है कि पार्टी चुनाव से पहले ही हार मान चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता विकास की राजनीति के साथ है और कांग्रेस की रणनीतियों को भली-भांति समझती है।

 

#उत्तराखंड #देहरादून #BJP #Congress #महेंद्रभट्ट #यशपालआर्य #संजीवआर्य #UttarakhandPolitics #BreakingNews