19 Jul 2026, Sun

20 हजार रुपये की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

खबर शेयर करें-

हल्द्वानी/काशीपुर: 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

 

हल्द्वानी/काशीपुर। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर जिले में तैनात एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीडीओ) के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था। कार्य के भुगतान के एवज में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने विजिलेंस से कार्रवाई की मांग की।

 

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार को कुंडा, काशीपुर में जाल बिछाकर कार्रवाई की और जेई विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

 

विजिलेंस ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की आगे की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जाएगी।

 

इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार की जानकारी हो तो उसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें।

 

#संवाद_न्यूज़_9 #SamvadNews9 #Haldwani #Kashipur #Uttarakhand #Vigilance #Bribery #Corruption #BreakingNews #JE #TrapCase