किच्छा में बढ़ती चोरियों पर विधायक तिलक राज बेहड़ का पुलिस पर बड़ा हमला, बोले— “एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रही पुलिस”

किच्छा। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस पीड़ितों की एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रही, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और आम जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

विधायक बेहड़ ने कहा कि रामेश्वरपुर, चकौनी लालपुर सहित किच्छा क्षेत्र में हाल के दिनों में कई चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन अनेक मामलों में न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही घटनाओं का खुलासा किया गया। उन्होंने कहा कि जब एफआईआर ही दर्ज नहीं होगी तो अपराधियों तक पुलिस कैसे पहुंचेगी।

उन्होंने 30 मई 2026 को ग्राम चकौनी में हुई चोरी का भी उल्लेख किया, जिसमें मुन्ना कुमार के बंद मकान से करीब 3 तोला सोना, 1200 ग्राम चांदी, दो गैस सिलेंडर, ₹80 हजार नकद और अन्य सामान चोरी होने का दावा किया गया। विधायक के अनुसार, लिखित सूचना देने के बावजूद अब तक न एफआईआर दर्ज हुई और न ही प्रभावी कार्रवाई हुई।
इसके अलावा विधायक ने 27 जून 2026 को नई बस्ती गोटिया बंडिया निवासी जाकिर हुसैन के घर हुई चोरी का मौके पर निरीक्षण किया। इस घटना में चोर कथित रूप से भारी मात्रा में जेवरात और ₹70 हजार नकद ले गए। विधायक ने मौके से ही पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर जल्द खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक बेहड़ ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया और पुलिस का रवैया नहीं बदला, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, राम बाबू, अख्तर रजा, सरवर हुसैन सहित कई लोग मौजूद रहे। इसके बाद विधायक ने अपने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आवास विकास कार्यालय में क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। देवरिया निवासी परवीन सकलानी, गोपाल राम आर्य, हरीश, भारत आर्य और विमल समेत अन्य लोगों ने सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
#संवादNews9 #SamvadNews9 #Kichha #TilakRajBehar #Uttarakhand #UdhamSinghNagar #Police #Crime #Theft #BreakingNews






