अवैध निर्माणकर्ताओं पर एमडीडीए का शिकंजा, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने किया पछवादून का निरीक्षण
#संवादNews9
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पछवादून क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नियमों के विपरीत हो रहे निर्माण कार्यों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों, उन पर हुई कार्रवाई और लंबित मामलों की समीक्षा की। साथ ही स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप निर्माण कार्य हो रहा है या नहीं, इसकी भी गहन जांच की गई। जिन स्थानों पर निर्माण गतिविधियां विकास प्राधिकरण के नियमों के विपरीत पाई गईं, वहां अधिकारियों को तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए का उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुनियोजित एवं व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें और प्राधिकरण के नियमों का पालन करें।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#संवादNews9 #Dehradun #MDDA #BanshidharTiwari #IllegalConstruction #UttarakhandNews #BreakingNews #Pachhwadun #News






