सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन
भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे, 38 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उनकी उम्र मात्र 38 वर्ष थी। निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे उन्हें विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास से गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्रा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया।
सिविल अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मामला संदिग्ध प्रतीत होने के चलते पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया गया। अस्पताल निदेशक ने बताया कि ड्राइवर द्वारा सूचना मिलने पर डॉक्टर घर पहुंचे थे, लेकिन तब तक प्रतीक यादव की मृत्यु हो चुकी थी।
प्रतीक यादव के करीबी मित्र राहुल पाठक ने बताया कि सुबह लगभग 4 बजे उनके स्टाफ की ओर से फोन आया था कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। राहुल के अनुसार, प्रतीक लंबे समय से सांस और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक, रिश्तेदार और राजनीतिक हस्तियां अस्पताल पहुंचीं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी केजीएमयू पहुंचे और डॉक्टरों से जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी भाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

प्रतीक यादव, दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। वह सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती थी।






