रुद्रपुर: सिडकुल कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर में फंदे से मिला शव

रुद्रपुर। इंदिरा कॉलोनी में एक सिडकुल कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह उसका शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, सतनाम सिंह इंदिरा कॉलोनी में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे और सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थे। चार दिन पहले उनकी पत्नी बच्चों के साथ धारचूला स्थित मायके गई हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम सतनाम नशे की हालत में घर पहुंचे और परिजनों से विवाद हुआ। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सो गए।

रविवार सुबह जब उनकी साली नाश्ता देने कमरे में पहुंची तो सतनाम सिंह का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी शनिवार रात से लगातार उन्हें फोन कर रही थी, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। प्रारंभिक अनुमान है कि घटना शनिवार देर रात की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
#Rudrapur #Sidcul #Uttarakhand #BreakingNews #CrimeNews #PoliceInvestigation #RudrapurNews






