नहीं बंद होगा स्कूल, शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक जारी रहेगा संचालन, ऐसे सुलझा मामला

रुद्रपुर में क्रिमसन एजुकेशन ग्रुप और स्कूल बिल्डिंग मालिक के बीच विवाद सुलझ गया है. शैक्षणिक सत्र तक स्कूल संचालन जारी रहेगा.

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में क्रिम्सन एजुकेशन ग्रुप और स्कूल भवन स्वामी के बीच चल रहे विवाद का फिलहाल समाधान निकल आया है. जिला प्रशासन की पहल पर हुई अहम बैठक में यह सहमति बनी है कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक स्कूल का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और अभिभावकों पर टीसी लेने का कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा.

क्रिम्सन एजुकेशन ग्रुप द्वारा संचालित विद्यालय के संचालन को लेकर पिछले कुछ समय से जारी विवाद के बीच अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को बड़ी राहत मिली है. जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित त्रिपक्षीय बैठक में स्कूल प्रबंधन और भवन स्वामी पक्ष के बीच महत्वपूर्ण सहमति बन गई है. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र समाप्त होने तक विद्यालय का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा और किसी भी छात्र की शिक्षा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में स्कूल प्रबंधन ने स्कूल में दरारें होने की बात कहकर स्कूल बंद किए जाने संबंधी नोटिस जारी किया था. जिसके बाद अभिभावकों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई थी. कई अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर परेशान थे. विद्यार्थियों के सामने भी पढ़ाई और परीक्षाओं को लेकर अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया. जिला अधिकारी, अपर जिला अधिकारी और उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में हुई बैठक में बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सभी पक्ष सहमत हुए. बैठक के दौरान स्पष्ट रूप से तय किया गया कि किसी भी छात्र अथवा अभिभावक पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने या विद्यालय छोड़ने के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.
बैठक में विद्यालय भवन से जुड़े तकनीकी और रखरखाव संबंधी मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन ने निर्देश दिए कि यदि भवन में किसी प्रकार की मरम्मत या सुधार की आवश्यकता होती है तो भवन स्वामी उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएंगे. इसके अलावा शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के हितों को भी ध्यान में रखा गया. कर्मचारियों की रोजगार सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा को लेकर भी सकारात्मक आश्वासन दिया गया.
प्रशासन की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है. शुरुआत से ही उनका उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्रभावित होने से बचाना और शैक्षणिक सत्र को सुचारु रूप से पूरा कराना था. अब सभी पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि बच्चों का हित सर्वोपरि है. प्रशासन की इस पहल और दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के बाद सैकड़ों अभिभावकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है. फिलहाल स्कूल का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के चलती रहेगी.
-साक्षी अरोरा, स्कूल भवन स्वामी-






