17 Jul 2026, Fri

सोशल मीडिया पर टिकट की दावेदारी पड़ सकती है भारी

खबर शेयर करें-

सोशल मीडिया पर टिकट की दावेदारी पड़ सकती है भारी

 

 

सोशल मीडिया पर टिकट की दावेदारी दिखाने वालों पर भाजपा सख्त, संगठन ने दिया अनुशासन का संदेश

 

देहरादून। संवाद न्यूज 9।

उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। पार्टी नेतृत्व ने सोशल मीडिया पर स्वयं को टिकट का दावेदार बताने, पोस्टर-बैनर लगाने या प्रचार अभियान चलाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी है कि ऐसा करना संगठन की अनुशासनहीनता माना जाएगा।

 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी चयन की एक तय प्रक्रिया है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने और दावेदारी प्रस्तुत करने का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के माध्यम से टिकट की मांग करना पार्टी की परंपरा और अनुशासन के अनुरूप नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि टिकट का निर्णय संगठन की निर्धारित प्रक्रिया, कार्यकर्ताओं की राय, संगठनात्मक रिपोर्ट और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन के आधार पर किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति का व्यक्तिगत प्रचार या सोशल मीडिया अभियान टिकट वितरण को प्रभावित नहीं करेगा।

 

प्रदेश संगठन ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संयम बरतने तथा संगठन की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई नेता या कार्यकर्ता अनुशासन के विरुद्ध सोशल मीडिया पर टिकट की दावेदारी का प्रचार करता है तो उसके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव नजदीक आते ही टिकट की दावेदारी को लेकर सक्रियता बढ़ जाती है। ऐसे में भाजपा ने समय रहते अनुशासन का संदेश देकर स्पष्ट कर दिया है कि संगठन सर्वोपरि है और प्रत्याशी चयन केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होगा।

 

— संवाद न्यूज 9