19 Jul 2026, Sun

अल्मोड़ा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी को दिखाए काले झंडे, ‘गो बैक’ के लगे नारे

खबर शेयर करें-

अल्मोड़ा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी को दिखाए काले झंडे, ‘गो बैक’ के लगे नारे

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अल्मोड़ा दौरे का युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा दौरे के दौरान दन्या बाजार में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के सामने पहुंचकर काले झंडे दिखाए और सरकार विरोधी नारेबाजी की. अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से पुलिस और खुफिया तंत्र में अफरा-तफरी मच गई. इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवा कांग्रेस का कार्यकर्ता उग्र हो गए. जिसके बाद पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.

अल्मोड़ा दन्या में मुख्यमंत्री धामी के काफिले को जहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए, वहीं सीएम के खिलाफ नारे लगाकर विरोध किया. जानकारी के अनुसार, जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला दन्या बाजार पहुंचा, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर तेजी से सड़क पर उतर आए और मुख्यमंत्री के वाहन के सामने पहुंच गए. इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार को घेरा. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और भाजपा कार्यकर्ता तुरंत सक्रिय हुए तथा प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें दन्या थाने पहुंचाया. विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए बाजार क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.

हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया. प्रदर्शन के बाद पुलिस ओर उसके खुफिया तंत्र और कांग्रेस के विरोध को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि उनका यह विरोध प्रदर्शन राज्य सरकार की नीतियों और विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर था. उनका आरोप है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है. इसके अलावा प्रदेश में सामने आए पेपर लीक मामलों, बढ़ती बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी सरकार जवाब देने में विफल रही है. कार्यकर्ताओं ने इन्हीं मांगों और आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया.

गौर हो कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने योग दिवस के अवसर पर चंपावत के बनबसा में लोगों के साथ योगाभ्यास किया. जिसके बाद सीएम धामी ने अल्मोड़ा जिले के दान्या क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों और जनसभाओं में शिरकत की.